आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा मानसखंड मंदिर माला मिशन: मुख्यमंत्री
साधना और आध्यात्म का भव्य और दिव्य केन्द्र है डोल आश्रम
Almora:अल्मोड़ा में श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम् न्यास द्वारा आयोजित श्री पीठम् स्थापना महोत्सव में सम्मिलित होकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूजा-अर्चना की एवं प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। इस दौरान पूज्य संतजनों का आशीर्वाद प्राप्त कर मन को विशेष शांति एवं ऊर्जा की अनुभूति हुई।
इस शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने देवीस्वरूपा कन्याओं के चरण धोकर उनका आशीर्वाद लिया। यह हमारी सनातन संस्कृति की सबसे समृद्ध परंपराओं में से एक है, जो नारी को देवी रूप में देखती है। इस प्रकार के आध्यात्मिक आयोजन न केवल हमारे मन को शुद्ध करते हैं, बल्कि हमें हमारी महान धर्मपरंपरा और सांस्कृतिक विरासत से भी जोड़ते हैं।
इस अवसर पर पूज्य महाराज कल्याणदास ने सभी उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमें अपनी जन्मभूमि के लिए बेहतर कार्य करने होंगे। उन्होंने कहा कि हमें बुरे व्यसनों को त्याग कर आध्यात्म को अपनाना होगा तभी हमारा जीवन एवं समाज सुख समृद्वि प्राप्त कर पायेगा। उन्होंने संस्कृत भाषा को अपनाने पर ज़ोर देते हुए कहा कि जब तक संस्कृत हमारे हृदय में जीवित है , तब तक भारतीयता को कोई खतरा नहीं हो सकता ।

