Oplus_131072
हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर अब यात्रियों को दवाओं के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। यात्रियों को दवा के लिए बाहर जाना पड़ता था, जिससे उनके ट्रेन छूटने की भी संभावना बनी रहती थी।
हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को एक और सुविधा मिल गई है। अब यात्रियों को दवाइयों के लिए स्टेशन से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। प्लेटफाॅर्म एक पर जन औषधि केंद्र की शुरुआत कर दी गई है। इस जन औषधि केंद्र के खुलने से यात्रियों को न केवल किफायती दरों पर दवाइयां उपलब्ध होंगी, बल्कि उन्हें समय और मेहनत दोनों की बचत होगी।
पहले यात्रियों को छोटी-मोटी बीमारियों या जरूरत की दवाइयों के लिए स्टेशन से बाहर जाना पड़ता था, जिससे उनके ट्रेन छूटने की भी संभावना बनी रहती थी। अब यह परेशानी खत्म हो गई है। रेलवे प्रशासन और जन औषधि योजना के अंतर्गत यह पहल की गई है, जिसका उद्देश्य आमजनता को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराना है। स्थानीय यात्रियों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी।
रेलवे अधिकारियों की मानें तो जन औषधि केंद्र पर सभी आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं और इसे यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में ही स्थापित किया गया है। यह कदम यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। उम्मीद की जा रही है कि अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी इसी तरह की सुविधाएं जल्द शुरू की जाएंगी। स्टेशन अधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए मेडिकल खोला गया है।
