हरिद्वार। दिल्ली निवासी एक व्यक्ति से करोड़ों की भूमि सौदे में धोखाधड़ी करते हुए 31 लाख की रकम हड़पने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। एसएसपी के आदेश पर ज्वालापुर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, दिल्ली के कोन्डली ईस्ट निवासी हरीश कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने और संजय कश्यप निवासी रावली महदूद ने लक्सर स्थित भूमि का सौदा यामीन से किया था। यह सौदा 23 दिसंबर 2023 को 43 लाख रुपये प्रति बीघा के हिसाब से कुल 12 करोड़ 90 लाख रुपये में तय हुआ था। सौदे के समय दोनों ने मिलकर यामीन को 55 लाख रुपये बतौर बयाना दिए। एक इकरारनामा ज्वालापुर स्थित तहसील में 23 दिसंबर 2023 को हुआ। सौदा संजय निवासी न्यू शिवालिक नगर रानीपुर व यामीन के पुत्र अरशद ने कराया था। आरोप है कि संजय कश्यप ने यामीन और अरशद से मिलकर 25 लाख रुपये वापस ले लिए। संजय कश्यप ने एक और सौदे का हवाला देकर हरीश को विश्वास में लिया और आरटीजीएस के जरिये एक लाख रुपये भी ले लिए। जब उसने भूमि की रजिस्ट्री की बात की तो टालमटोल की जाने लगी। तब उसे समझ आ गया कि संजय, यामीन, अरशद और संदीप सिंघल ने साजिश रचकर उससे 31 लाख रुपये हड़प लिए हैं। 24 जनवरी 2024 को रकम वापस मांगी तो गाली-गलौज कर उसे जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
