हरिद्वार। चार साल की बच्ची की बेहरमी से हत्या करने के बाद से फरार आरोपी सूरज उर्फ गंजू की धरपकड़ के लिए पुलिस और सीआईयू की टीमों ने पूरी ताकत झोंक दी है। उत्तर प्रदेश और दिल्ली के अलावा लक्सर के आसपास आरोपी की खोजबीन में टीमें लगातार जुटी हुई हैं। खासकर झुग्गी-झोपड़ियों में ही उसे तलाशा जा रहा है। उसके संपर्क में रहे कुछ लोगों से भी पुलिस ने पूछताछ की है।
बीते 13 मई को चार साल की बच्ची की हत्या कर शव को मनसा देवी रेलवे टनल के अंदर फेंक दिया गया था। 16 मई की सुबह पिता ही टनल से शव को ढूंढकर कोतवाली लेकर पहुंचा था। कासगंज निवासी सूरज उर्फ गंजू बच्ची को लेकर रेलवे टनल की तरफ गया था। बच्ची उसके पीछे टनल में जाते हुए सीसीटीवी में भी कैद हुई थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार है। अपहरण, हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने 10 टीमें पुलिस-सीआईयू की गठित करते हुए खुलासे के लिए लगाई थी।
अब पुलिस टीमों ने आरोपी की तलाश में ताकत झोंक दी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कासगंज, सहारनपुर तलाश की जा रही है। जिन स्थानों पर आरोपी पूर्व में जाता रहा है, वहां भी दबिश दी गई। खासकर झुग्गी-झोपड़ियों में भी उसकी खोज की जा रही है। एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया कि आरोपी की तलाश चल रही है। जल्द ही टीमें किसी निष्कर्ष पर पहुंचेंगी।
