Haridwar : कनखल थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला ने पति, सास और ननद पर दहेज के लिए प्रताड़ित, आर्थिक शोषण करने और चरित्र हनन का गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पति पर सहकर्मी महिला के साथ अवैध संबंध रखने और झूठे आधार पर तलाक का वाद दायर करने का भी आरोप है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, नीलम निवासी गणपति धाम फेज-3 महाकालेश्वर मंदिर ग्राम जमालपुर कलां थाना कनखल ने शिकायत दी।
बताया कि उसकी शादी 25 अक्तूबर 2020 को शुभम गोसाईं निवासी सिंचाई विभाग कॉलोनी साकेत मेरठ से हुई थी। शादी के बाद से ही शुभम, उसकी बहन राधिका, मां भूमा गोसाईं दहेज के लिए दबाव बनाकर 10 लाख की मांग करने लगे। एक अगस्त 2021 को बेटे को जन्म दिया। तब भी ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला। अप्रैल 2022 में राधिका की शादी के दौरान भी रुपयों की मांग की। तब मायके वालों ने एक लाख दिए। जुलाई 2022 में शुभम का ट्रांसफर हरिद्वार हुआ।आरोप है कि यहां मकान खरीदने के लिए फिर रुपये मांगे। तब भी मायके वालों ने मदद की। आरोप लगाया कि जून 2024 में शुभम को उसकी सहकर्मी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा। तब उसने माफी मांगी थी।
अब इसी साल मार्च में पता चला कि शुभम ने परिवार न्यायालय हरिद्वार में तलाक का दावा दायर कर दिया। पति ने दावा किया कि वह 2022 से मायके में रह रही है। उसका चार वर्षीय पुत्र यहीं स्कूल में पढ़ रहा है और वह खुद भी यहीं रह रही है। आरोप है कि मां और भाभी बात करने ससुराल गई तो शुभम ने गाली-गलौज कर धमकी दी। थानाध्यक्ष चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
