अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं सहयोगी संस्थाओं द्वारा विकास भवन सभागार में एक भव्य और प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती प्रज्ञा दीक्षित ने केक काटकर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने महिला शिक्षा, किशोरी स्वास्थ्य और घरेलू हिंसा जैसे विषयों पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को स्थानीय मोटे अनाज जैसे मड़वा, रागी और चौलाई को आहार में शामिल करने की सलाह दी।
इस दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने गीतों के माध्यम से महिलाओं में आत्मविश्वास भरा, वहीं आईटीसी के मुख्य महाप्रबंधक अनंत महेश्वरी ने महिला अधिकारियों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के समापन पर शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और मोहल्ला स्वच्छता समितियों की अध्यक्षाओं को उनके विशेष कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पमेश कुमार, सचिन काम्बले सहित प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन और श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम जैसी संस्थाओं की टीमें सक्रिय रूप से मौजूद रहीं।
