मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के तहत उद्यान विभाग की पहल, वैज्ञानिक मधुमक्खी पालन का दिया प्रशिक्षण
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार बढ़ाने और पलायन रोकने के संकल्प के तहत जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में उद्यान विभाग ने बुधवार को मंच क्षेत्र के ग्राम दमतोला के रमेला तोक में किसानों को 50 मौन बक्से वितरित किए। मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के तहत हुए इस वितरण का उद्देश्य किसानों को स्थानीय स्तर पर मधुमक्खी पालन शुरू कर आय बढ़ाने में मदद करना है।
उद्यान प्रभारी निधि जोशी ने किसानों को मौन बक्से वितरित करते हुए वैज्ञानिक तरीके से मधुमक्खी पालन, मौनवंश प्रबंधन, मधुमक्खियों की देखभाल और शहद उत्पादन की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से खेती के साथ मधुमक्खी पालन को स्वरोजगार के रूप में अपनाने की अपील की।
जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में शहद उत्पादन किसानों के लिए अतिरिक्त आय का अच्छा जरिया बन सकता है। मधुमक्खियों से परागण बेहतर होता है, जिससे फल, सब्जी और अन्य फसलों की पैदावार भी बढ़ती है।
उन्होंने कहा कि विभाग जिले के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में मधुमक्खी पालन जैसी आय बढ़ाने वाली गतिविधियों को लगातार प्रोत्साहित कर रहा है, ताकि ग्रामीण परिवारों को गांव में ही रोजगार मिले और पलायन पर रोक लगे।
