हरिद्वार। दलित समाज की बेटियों टिप्पणी करने वालों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने पर मामले को गंभीरता से न लेने पर पुलिस पर आरोप लगाया। कांग्रेस नेता वरुण बालियान ने शिकायती पत्र सौंपकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। साथ ही भाजपा नेताओं पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
ज्वालापुर कोतवाली में शिकायती पत्र सौंपते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव वरुण बालियान ने कहा कि समाज में ऐसी घटनाओं का होना और ऐसी घटनाओं पर आरोपियों का समर्थन करना समाज के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक के करीबी परिवार से आरोपी युवकों के जुड़े होने के कारण पुलिस इस मामले में कार्रवाई करते हुए संकोच कर रही है। वरुण बालियान ने कहा कि यह मात्र दलित समाज की बेटियों से जुड़ा हुआ विषय नहीं है किसी भी समाज की बेटियों के लिए ऐसी भाषा का उपयोग स्वीकार्य नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा जिस प्रकार पुलिस के लापरवाही व आरोपी युवकों के पक्ष में लगातार पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल की जा रही है इससे दो समुदाय के बीच दूरियां बढ़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि आरोपी युवकों के समाज के लोग भी सामने आए व सर्वसमाज के सामने इस विषय को लेकर इस मामले का कानूनी व पंचायती तौर पर पटाक्षेप किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए की बेटियों के प्रति ऐसी असभ्य भाषा का प्रयोग कोई भी जाति धर्म के लोगों द्वारा किया गया तो सर्वसमाज इसका बहिष्कार करेगा।
पूर्व पार्षद इसरार सलमानी व अनुसूचित विभाग के जिला महानगर अध्यक्ष तीरथपाल रवि ने कहा कि आज दलित समाज खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है भाजपा सरकार में लगातार दलितों के प्रति ऐसी घटनाएं सामने आ रही है उन्होंने कहा कि हम जिला प्रशासन से मांग करते हैं की इस विषय पर त्वरित अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पार्षद सुनील कुमार व अमरदीप रोशन ने कहा कि हम किसी भी रूप में अपने समाज की बेटियों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे और यदि जल्द ही स्थानीय पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती तो आंदोलन को तेज करेगे। शिकायत पत्र देने वालों में सौरभ नौटियाल, अयान सैफी, तुषार चौधरी, निसार, अज्जू दिवाकर, दुष्यंत कुमार, पंकज भास्कर आदि नेता मौजूद रहे।
