बीएचईएल स्थापना दिवस एवं उत्कृष्टता उत्सव में एक्सेल पुरस्कार वितरण
हरिद्वार। बीएचईएल के 62वें स्थापना दिवस एवं उत्कृष्टता उत्सव में केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात राज्य मंत्री भूपतिराजु श्रीनिवास वर्मा ने कंपनी की विभिन्न इकाइयों के 131 कर्मचारियों को एक्सेल पुरस्कार प्रदान किए। समारोह में 25 टीमों को उनके उत्कृष्ट कार्य और योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में इस्पात एवं भारी उद्योग सचिव संदीप पौण्डरीक, अतिरिक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार निगार फातिमा हुसैन, संयुक्त सचिव विजय मित्तल, बीएचईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के. सदाशिव मूर्ति, निदेशकगण, मुख्य सतर्कता अधिकारी, पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक और पूर्व निदेशक उपस्थित रहे।
राज्य मंत्री ने कहा कि 1964 में स्थापना के बाद से बीएचईएल की यात्रा इंजीनियरिंग उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। देश की स्थापित ताप विद्युत क्षमता में आधे से अधिक हिस्सेदारी बीएचईएल द्वारा निर्मित सेटों की है। उन्होंने कंपनी के योगदान और गुणवत्ता एवं नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।

एक्सेल पुरस्कारों में सर्वांगीण उत्कृष्टता, उत्कृष्ट तकनीकी प्रकाशन, अनुसंधान एवं विकास, ग्राहक संतुष्टि, उत्पादकता, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा की श्रेणियां शामिल रहीं। पुरस्कार योजना के तहत प्रत्येक टीम सदस्य को प्रमाण पत्र, पदक और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है तथा टीम को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है।
सचिव संदीप पौण्डरीक ने बीएचईएल के योगदान के साथ कर्मचारियों, ग्राहकों और आपूर्तिकर्ताओं के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मजबूत ऑर्डर बुक विश्वास का प्रतीक है, लेकिन परियोजनाओं के प्रभावी निष्पादन की चुनौती भी साथ लाती है। उन्होंने ऊर्जा संक्रमण के संदर्भ में विनिर्माण उत्कृष्टता और उपयोगी अनुसंधान पर बल दिया।

सीएमडी के. सदाशिव मूर्ति ने कहा कि कंपनी ने मजबूत ऑर्डर बुक के आधार पर उत्साहजनक प्रदर्शन किया है। उन्होंने क्षमता निर्माण, मूल कारोबार और सामरिक क्षेत्रों में उपलब्धियों का उल्लेख किया। कर्मचारियों को बीएचईएल की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए उन्होंने कहा कि एक्सेल पुरस्कार लागत, साइकल टाइम और सामग्री की बचत तथा गुणवत्ता सुधार में योगदान देने वाले कार्यों को प्रोत्साहित करते हैं। समारोह में कर्मचारियों और उनके बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
