ऊर्जा निगम के अफसरों पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री से की शिकायत
Haridwar news ऊर्जा निगम में एक नया कारनामा सामने आया है। जिस कार्य का टेंडर सात दिन बाद जारी होना था, उसका कार्य पहले ही अनाधिकृत तरीके से करने का आरोप लगा है। अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री को संबंधित मामले से जुड़े दस्तावेज के साथ पत्र भेजा है। मामले की जांच कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में सलेमपुर निवासी कुलदीप ने बताया कि ज्वालापुर विद्युत वितरण खंड के अंतर्गत आने वाले जमालपुर खुर्द स्थित एक कॉलोनी में क्लेम्प एवं नटबोल्ट आदि सामान के लिए 14 फरवरी को टेंडर खोला जाना है, लेकिन इससे पहले ही कॉलोनी में 63 केवीए और 800 मीटर प्लास्टिक वाली तार लगाकर कॉलोनी में लाइन जोड़ दी गई है। आरोप लगाया कि कॉलोनाइजरों से सांठगांठ कर ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने अवैध रूप से टेंडर निकालने से पहले ही कार्य पूरा करा दिया।
आरोप लगाया कि ये निजी फायदे के लिए ऊर्जा निगम को नुकसान पहुंचाते हुए नियमों का उल्लंघन किया गया है। उधर, ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता आशुतोष तिवारी का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। इसकी जानकारी ली जाएगी और मामले को दिखवाया जाएगा।
