रुद्रपुर। एसटीएफ और पुलिस ने की संयुक्त टीम ने शनिवार को देर रात पुलभट्टा क्षेत्र से एक अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया है। साथ ही उसके कब्जे से तीन किलो अफीम बरामद की है। बताया जा रहा है आरोपी बदायूं से अफीम लाकर उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में बेचता था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की है।
रविवार को एसएसपी कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोड़के ने बताया कि थाना पुलभट्टा में पुलिस टीम और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान भंगा तिराहे के पास से आरोपी ग्राम ताल गोटिया थाना फरीदपुर जिला बरेली निवासी राकेश कुमार पुत्र मेहताब सिंह को दो किलो नौ सौ 26 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उनके गांव और फरीदपुर के पास काफी मात्रा मे अफीम की खेती की जाती है। वह लोग अपने गांव से अफीम इकठ्ठी कर उसे अन्य क्षेत्रों में तस्करी कर अधिक दामों में बेच देते हैं l
