शहर में कई जगहों पर दोपहिया वाहन टकराने से घायल हुए लोग
होली के हुड़दंग में काफी लोग भी चोटिल हुए। जिनमें अधिकांश मोटरसाइकिलों पर तेज रफ्तार के कारण गिरकर घायल हुए। सभी इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे। 38 घायल लोगों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घायलों में अधिकांश के सिर, हाथ, पैरों में खुली चोटें आई थीं।
सोमवार को होली के त्योहार पर लोगों ने खूब रंग गुलाल उड़ाया और मोटरसाइकिलों पर सैर सपाटा करने भी निकले। अलग-अलग इलाकों में 15 मोटरसाइकिल सवार गिरकर घायल हुए। इसमें कुछ की आपस में बाइकें टकराई तो कुछ अनियंत्रित होकर जा गिरे। इससे हाथ, पैर और सिर में चोटें आईं। साथ ही 12 से अधिक लोग सड़क पर चलते हुए गिरकर चोटिल हुए तो आठ लोग होली खेलते हुए सीढि़यों से गिर गए। इससे चोटें आईं और उपचार कराने के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे। वहीं, भेल में कार टकराने से तीन लोगों को मामूली चोटें आईं।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में सुबह 10 बजे से लेकर शाम चार बजे तक कुल 38 होली के रंग में रंगे हुए घायल अवस्था में पहुंचे। चिकित्सकों ने सभी को उपचार देने के बाद छुट्टी दे दी। जिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. विकास दीप ने बताया कि अलग-अलग मामलों में चोटिल हुए 38 लोग उपचार कराने अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे थे।
