विकासनगर। भारतीय जनता पार्टी के महा जनसंपर्क अभियान में शिरकत करने पछुवादून आए झबरेड़ा के पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल ने कहा कि दलितों के उत्थान के लिए डबल इंजन की सरकार ने कई योजनाएं चलाईं। कांग्रेस ने हमेशा दलितों को वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल किया है। हरबर्टपुर के एक होटल में मीडिया से वार्ता करते हुए पूर्व विधायक कर्णवाल ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे दलितों को मिला है। दलितों की हितैषी सिर्फ भाजपा ही है।
भाजपा सरकार ने ही बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती को संविधान दिवस के तौर पर मनाने का निर्णय लिया, जिससे पूरे दलित समाज का सम्मान बढ़ा है। इसके साथ ही बाबा साहेब को नमन करते हुए भीम ऐप की शुरुआत की गई, जिससे निम्न वर्ग, मध्यम वर्ग, व्यापारियों, किसानों और गरीबों को लाभ मिल रहा है। कहा कि दलित परिवारों के घरों में शौचालय नहीं होते थे, मोदी सरकार ने प्रत्येक घर में शौचालय बनाए। कहा कि आज दलितों को जो सम्मान मिल रहा है, वो मोदी सरकार की देन है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा से ही दलितों का अपमान किया है। इस दौरान अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार, विकास मुल्तानी, नरेश कुमार, किरण देवी, छेदीराम भारती आदि मौजूद रहे।
