रुड़की। कई दिनों तक हुई लगातार बारिश का सीधा असर सब्जियों के दामों पर पड़ा है। रुड़की में कुछ सब्जियों के दाम दोगुने हो गए हैं। माह के शुरुआती दिनों में 100 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिकने वाले टमाटर के दाम 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। ऐसी कोई सब्जी नहीं है, जिसके दाम घटे हों। नई मंडी में बारिश का पानी भरने से आवक पर असर पड़ा है। दो दिन तक सामान उतरा ही नहीं।
शुक्रवार को कुछ सब्जियां उतरीं।
वहीं, प्याज के दाम स्थिर बने थे अब यह भी 25 से बढ़कर 30 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। सब्जी विक्रेता करण, नोमान, अजय ने बताया कि बारिश के बाद खेतों में सब्जी की फसल खराब होने से अचानक दामों में वृद्धि हुई। बताया कि रुड़की मंडी में फिलहाल पानी भरा हुआ है कुछ आढ़तों पर ही सब्जियां मिल रही हैं। सुबह पानी से होकर ही मंडी में सब्जी लेने गए थे। थोड़ी बहुत सब्जी ही मिल पाई है। मंडी में सब्जी खराब भी हो गई है। उनका कहना है कि अभी हरी सब्जियां और ज्यादा महंगी हो सकती हैं। ग्रहणी नैना लोहान, बेबी, डिंपल, प्रतिभा आदि का कहना है कि फिलहाल 60 रुपये प्रति किलो से कम कोई सब्जी ही नहीं मिल रही है।
