रुड़की। प्रदेश के गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा ने शुक्रवार को बाढ़ से प्रभावित रहे लक्सर के कई गांवों का दौरा किया। मंत्री ने किसानों से उनके नुकसान की जानकारी ली, साथ ही उनके खेतों तक जाकर बाढ़ से खराब फसलों को भी देखा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सर्वे रिपोर्ट के बाद सभी को नुकसान का उचित मुआवजा मिलेगा।
इस साल लक्सर नगर और देहात में आई बाढ़ के बाद लोग सरकार से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर शुक्रवार को गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा लक्सर पहुंचे, और बाढ़ प्रभावित रहे हुसैनपुर, केहड़ा, सेठपुर, मोहम्मदपुर बुजुर्ग, मुटकाबाद, मुंडाखेड़ा गांव का दौरा किया। उन्होंने किसानों से बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली।
