लक्सर/भिक्कमपुर (हरिद्वार):
लक्सर क्षेत्र के भिक्कमपुर में हुए एक विवाद के बाद दिनदहाड़े सरेआम फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। इस गोलीकांड में मोहित नामक युवक को छाती पर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे, लेकिन हरिद्वार के पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित और कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
कप्तान डोबाल के आदेश पर सक्रिय हुई लक्सर पुलिस की टीमों ने चौंकाने वाली फुर्ती दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। दोनों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो तमंचे और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
कोतवाली लक्सर में आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक प्रक्रिया में शामिल कर लिया गया है। इस पूरी कार्रवाई को लक्सर पुलिस ने कप्तान के नेतृत्व में युद्धस्तर पर अंजाम दिया। वहीं घटना के बाद से फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, उक्त गोलीकांड किसी पुराने विवाद को लेकर हुआ था, जिसकी गर्मी ने सरेआम हिंसा का रूप ले लिया। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गुस्सा है, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने क्षेत्रवासियों को राहत भी दी है।
कप्तान डोबाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा है, “जिन्होंने कानून हाथ में लिया है, उन्हें हर हाल में कानून के कठघरे में लाया जाएगा। आम जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।”
पुलिस की इस मुस्तैदी ने न सिर्फ आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया बल्कि आम जनता के बीच पुलिस की छवि को और मजबूत किया है। अब सभी की निगाहें फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।
