देहरादून। देश की रक्षा में एक नया इतिहास रचने वाले ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के उपलक्ष्य में राजधानी देहरादून में ‘एक संवाद वीर सैनिकों के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाग लेते हुए देश के वीर जवानों के अदम्य साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति को ससम्मान नमन किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि, “आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व, स्पष्ट सोच और भारतीय सैनिकों की अटूट प्रतिबद्धता के कारण ऑपरेशन सिंदूर अभूतपूर्व सफलता की मिसाल बन गया है। हमारे वीर जवानों ने न केवल आतंक के अड्डों को नष्ट किया, बल्कि उनके सरपरस्तों को भी घुटनों पर ला दिया। यह भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति और सशक्त रक्षा नीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इस बात पर गर्व व्यक्त किया कि भारत अब आत्मनिर्भर रक्षा क्षेत्र की ओर तेजी से बढ़ रहा है। स्वदेशी तकनीक से बने आधुनिक हथियार अब अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भी मांग में हैं और भारत एक विश्वसनीय रक्षा साझेदार के रूप में उभरा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उत्तराखंड सरकार सैनिकों एवं उनके परिजनों के कल्याण के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “प्रदेश में वीर सैनिकों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं जो उनके जीवन को सम्मान, सुरक्षा और सुविधा से जोड़ती हैं। यह न केवल हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है, बल्कि एक मजबूत राष्ट्र निर्माण की दिशा में हमारा संकल्प भी दर्शाता है।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सेना के जवान, पूर्व सैनिक, अधिकारीगण और नागरिक शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को देश की सुरक्षा नीति में एक मील का पत्थर बताया।
