हेमकुंड साहिब यात्रा के प्रथम जत्थे को राज्यपाल गुरमीत सिंह ने दिखाई हरी झंडी, श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सरकार कर रही व्यापक इंतज़ाम
ऋषिकेश। उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) की गरिमामयी उपस्थिति में आज ऋषिकेश स्थित गुरुद्वारा साहिब से श्री हेमकुंड साहिब जी की पावन यात्रा के प्रथम जत्थे को पंच प्यारों की अगुवाई में रवाना किया गया।

राज्यपाल ने इस अवसर पर श्रद्धालुओं की सुगम, सुरक्षित और दिव्य यात्रा के लिए वाहेगुरु जी से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा न केवल गहरी आध्यात्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक और पर्यावरणीय चेतना का भी अद्भुत उदाहरण है।
प्रदेश सरकार इस पुण्य यात्रा को अधिक सुविधायुक्त और संरक्षित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। यात्रा मार्ग पर रोप-वे निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जिससे श्रद्धालुओं को कठिन चढ़ाई में राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त धाम परिसर में पेयजल, बिजली, गर्म पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया गया है।
राज्यपाल ने यह भी जानकारी दी कि इस वर्ष गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को पूरे प्रदेश में श्रद्धा, आदर और सम्मान के साथ मनाया जाएगा। यह आयोजन हमारे महान संतों के बलिदान और शिक्षाओं पर आधारित संस्कृति का गौरवपूर्ण स्मरण होगा।
