Uttarakhand:शासकीय आवास पर आयोजित प्रातःकालीन बैठक में अधिकारियों को भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों से धर्मांतरण से जुड़े मामलों में अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
बैठक में निर्देश दिए गए कि सत्यापन अभियान लगातार जारी रखा जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना मिलते ही तत्काल और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि आधार कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेज़ों को जारी करते समय पूर्ण सत्यापन के बिना कोई दस्तावेज़ निर्गत न हो।

अतिक्रमण के विरुद्ध चल रहे अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यह अभियान निरंतर जारी रहे। यह सुनिश्चित किया जाए कि अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर दोबारा अतिक्रमण न हो। साथ ही, शत्रु संपत्तियों पर हुए अतिक्रमण का विस्तृत आकलन कर उसकी रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए।
सरकारी भवनों के निर्माण कार्यों में स्थानीय श्रमिकों को प्राथमिकता देने की बात करते हुए यह भी निर्देश दिया गया कि भवनों की डिज़ाइन में राज्य की सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक पर्वतीय वास्तुशैली को प्रमुखता दी जाए।
बॉर्डर क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष चिंता जताई गई और अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सीमावर्ती इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।
