नई टिहरी। डीएम मयूर दीक्षित ने जिला मुख्यालय के बौराड़ी में स्थित श्री देव सुमन राजकीय पुस्तकालय व घंटाघर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने सुरक्षा को देखते हुए घंटाघर में ऊपर जानी वाली सीढ़ियों को बंद करने के निर्देश दिए। लाइब्रेरी में 3 हजार बुक्स बंडलों में बंद मिलने पर नाराजगी जाहिर की। शिक्षा विभाग को लाइब्रेरी की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। गुरुवार को डीएम मयूर ने पुस्तकालय के साथ ही घंटाघर का निरीक्षण किया। पुस्तकालय में रीडिंग रूम सहित तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लिया। राजा राममोहन फाउंडेशन की पुस्तकालय को दी गई 3 हजार बुक्स बंडलों के पैक मिलने पर डीएम ने नाराजगी जाहिर कर कहा कि पुस्तकों को उपयोग में लाया जाय। पुस्कालय में डीएम ने 100 साल पुराना रिकार्ड भी देखा।
अध्यापकों की मदद से लाइब्रेरी को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। किताबों की छंटनी कर लाइब्रेरी को व्यवस्थिति करने को कहा। लाइब्रेरी में कम्प्यूटर लगाने, लाइब्रेरी को लेकर एनजीओ के साथ बैठक करने, इंटरनेट कनेक्टिविटी देने, सीसी टीवी कैमरे लगाने, फायर सेफ्टी उपकरण लगाने, लाइब्रेरी में आने वाले बच्चों का रोस्टर बनाने, लाइब्रेरी का प्रचार-प्रसार करने तथा स्कूल कोर्स के नये सिलेबस रखवाने के निर्देश शिक्षा अधिकारियों को दिए। डीएम ने लाइब्रेरी में रिडिंग के लिए आये बच्चों से बात कर भी लाइब्रेरी को लकर जानकारियां लीं। लाइब्रेरियन विशन सिंह रांगड़ ने बताया कि लाइब्रेरी में स्टाफ की कमी के चलते लाइब्रेरी व्यवस्थित नहीं हो पा रही है। डीएम ने इस मामले में सीईओ को पत्र लिखने को कहा। इस मौके पर डीईओ बेसिक वीके ढौंडियाल, ईओ पालिका एमएल शाह, सुभद्रा नेगी आदि मौजूद रहे।
