हरिद्वार। श्री गंगासभा के गंगा सेवक दल ने पंतद्वीप क्षेत्र में चमगादड़ टापू के गंगा घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान दल ने गंगा घाटों पर सफाई की। साथ ही रेलिंग में फंसे कपड़े, कूड़े और पॉलिथिन और खंडित मूर्तियों को गंगा से बाहर निकाला। रविवार को साप्ताहिक गंगा घाट स्वच्छता अभियान के तहत गंगा सेवक दल के कार्यकर्ताओं ने गंगा की सफाई के साथ लोगों को गंगा की स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान लोगों से गंगा को निर्मल और अविरल रखने और खंडित मूर्तियों को गंगा में प्रवाह न करने की अपील की गई। इस दौरान तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने कहा कि लोग खंडित मूर्तियों को गंगा में प्रवाह कर देते हैं। इन खंडित मूर्तियों को कुछ लोग उठाकर ले जाते हैं। सफाई अभियान के दौरान देखने को मिला कि कई स्थानों पर लोग खंडित मूर्तियां स्थापित कर यात्रियों से धन उगाई कर रहे हैं। ऐसे लोगों को चेतावनी दी गई है। अभियान के दौरान शिवांकर, दीपांकर चक्रपाणि, वैभव भक्त, एकलव्य पंडित, देवराज शर्मा, शंकर शर्मा, गोविंद झा, पुनीत झा आदि मौजूद रहे।
