हरिद्वार। ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान की ब्रांड एंबेसडर और मनु मन की आवाज फाउंडेशन की फाउंडर प्रेसिडेंट डॉ. मनु शिवपुरी ने अपनी टीम के साथ एक दिन बाल गृह के बच्चों के साथ व्यतीत किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनके मन की बातें जानीं और जीवन में सकारात्मकता बनाए रखने के लिए कई उपयोगी सुझाव भी दिए।

डॉ. मनु ने बच्चों को टाइम मैनेजमेंट, मनोरंजक रूप से पढ़ाई करने के तरीके और सहज ध्यान (मेडिटेशन) की सरल विधियाँ सिखाईं, जिससे वे खेल-खेल में जीवन के जरूरी नियमों को आत्मसात कर सकें। उनका मानना है कि बाल गृह के बच्चे कई बार मानसिक तनाव से ग्रसित होते हैं, जो उनके भविष्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे में उनका प्रयास रहता है कि समय-समय पर बच्चों के बीच जाकर उन्हें प्रेरित किया जाए।

इस अवसर पर डॉ. मनु शिवपुरी के साथ उनकी टीम के सदस्य – श्री सनी मल्होत्रा (BC Jewellers), नैयनसी मल्होत्रा, कुं. मनीषा शर्मा, श्रीमती मनीषा शर्मा, परिधि शर्मा, श्री बादल अरोड़ा और एडवोकेट अर्क शर्मा भी मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें सकारात्मक जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया।

समूह की ओर से बच्चों को कपड़े, स्टेशनरी, फुटबॉल और अल्पाहार वितरित किया गया, जिससे बच्चे बेहद प्रसन्न हुए। कार्यक्रम के दौरान बाल गृह की अधीक्षिका, श्री विपिन कुमार एवं अन्य अध्यापकगण भी उपस्थित रहे।

डॉ. मनु शिवपुरी ने अनीता गोयल, नविता गोयल, संजीव बालियान और नीतीश रेहान का विशेष धन्यवाद व्यक्त किया और कहा कि पूर्व की भांति वे भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य करते रहेंगे, जिससे बालकों को एक उज्जवल भविष्य की दिशा मिल सके।
