हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक होटल में ठहरे यात्रियों के कमरे से लाखों रुपये मूल्य की ज्वेलरी और नगद धनराशि चोरी करने वाले शातिर चोर को हरिद्वार पुलिस ने कड़ी मेहनत और तकनीकी सहायता से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। इस मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए क्षेत्र में लगे करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की गई।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित पर्यटक परिवार ने होटल में ठहरने के दौरान कमरे से कीमती आभूषण और नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामला गंभीर होने के कारण नगर कोतवाली पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और घटनास्थल के आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी टीम और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसे चोरी गए माल सहित धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ज्वेलरी और नगदी बरामद कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
हरिद्वार पुलिस की इस त्वरित और सतर्क कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने सराहना की है। नगर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और पर्यटकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
