बागेश्वर। जिला मुख्यालय से लगे खबडोली का जंगल तीन दिन से जल रहा है। दिन-रात जंगल के जलने से आसपास के वातावरण में धुंध छा गई है। लोगों की आंखों में जलन महसूस होने लगी है। इसके अलावा धरमघर रेंज के बिनाड़ी, दोफाड़, कांडा के जंगल भी जल रहे हैं। कपकोट में गुरुवार की देर शाम हुई बारिश के बाद जंगल की आग शांत हो गई है। 15 फरवरी से 15 जून तक का समय फायर सीजन का होता है। इस बार अप्रैल व मई में आग की घटनाएं नहीं के बराबर हुई। इसमें वन विभाग से अधिक मौसम विभाग की मेहरबानी रही।
बिगत दो महीनों में लगातार अंतराल में बारिश होने के कारण जंगल जलने से बच गए, लेकिन इधर एक सप्ताह से जंगल जिस कदर जल रहे हैं एक सप्ताह में ही पुराने रिकॉर्ड टूट जाएगा। जिला मुख्यालय से लगा खबडोली का जंगल तीन दिन से लगातार जल रहा है। दोफाड़, कांडा, बिनाड़ी, जाखनी, विजयपुर तथा आसपास के जंगल रात-दिन जल रहे हैं। जंगल जलने से वातावरण में धुंध तथा मौसम में एकाएक गर्मी आ गई है। पांच डिग्री सेल्सियस तक तापमान बढ़ गया है। लोगों ने वन विभाग से धधक रहे जंगलों की आग पर काबू पाने की मांग की है। इधर बागेश्वर के रेंजर एसएस करायत ने बताया कि खबडोली के जंगल की आग बुझाने के लिए वन कर्मी लगे हैं। जल्द आग पर काबू पा लिया जाएग।
