गुप्ता बंधुओं के बेटों की शादी से राज्य के औली को वेडिंग डेस्टिनेशन के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद थी, लेकिन इस शादी के बाद से औली में न तो कोई बड़ा आयोजन हुआ और ना ही कोई शादी समारोह।
नामी बिल्डर सतेंद्र साहनी के आत्महत्या मामले के बाद पुलिस ने एनआरआई गुप्ता बंधुओं में अजय गुप्ता और उसके बहनोई अनिल गुप्ता को गिरफ्तार किया है। उद्योगपति गुप्ता बंधुओं के परिवार के दो बेटों की शाही शादी उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली में ही वर्ष 2019 में 18 से 22 जून तक संपन्न हुई थी।
एक सप्ताह तक चले इस जश्न को वेडिंग डेस्टिनेशन का नाम दिया गया। औली में यह पहली शाही आयोजित हुई थी। गुप्ता बंधुओं के बेटों की शाही शादी से राज्य के औली को वेडिंग डेस्टिनेशन के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद थी, लेकिन इस शाही शादी के बाद से औली में न तो कोई बड़ा आयोजन हुआ और ना ही कोई शादी समारोह। यह आयोजन अपने पीछे औली में 240 क्विंटल कूड़ा छोड़ गया था।
स्थिति यह रही कि गुप्ता बंधुओं द्वारा जितनी धनराशि कूड़ा निस्तारण के लिए दी गई, उससे अधिक नगर पालिका जोशीमठ द्वारा खर्चा किया गया। गुप्ता बंधुओं ने 54000 रुपये कूड़ा निस्तारण के लिए पालिका प्रशासन को दिए गए थे।
कूड़े को रिसाइकिल के लिए मैदानी क्षेत्रों में भेजा गया। हालांकि शेष धनराशि का भुगतान भी गुप्ता बंधुओं की ओर से कर दिया गया था। लेकिन शाही शादी संपन्न होने के बाद औली को गहरे जख्म मिले थे।
यहां बुग्याल में बेरहमी से खुदाई की गई थी। बाद में नगर पालिका की ओर से शादी आयोजन स्थल को मिट्टी से पाट दिया गया था। इस आयोजन में देशभर के 150 वीवीआईपी शामिल हुए थे।
