रुद्रपुर। जिले में एक वायरल ऑडियो ने प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। ऑडियो में एक अधिकारी और बिचौलिए के बीच कथित बातचीत सुनाई देती है, जिसमें एक सील की गई राशन दुकान को फिर से खोलने के एवज में पांच लाख रुपये की मांग की जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह ऑडियो काशीपुर निवासी बनवारी लाल की राशन दुकान से जुड़ा है, जो काफी समय से सील पड़ी है। ऑडियो में बिचौलिया अधिकारी से दुकान खुलवाने की बात कर रहा है, वहीं अधिकारी ‘दिवाली उपहार’ के नाम पर पांच लाख रुपये की मांग करता सुनाई दे रहा है।
ऑडियो में अधिकारी स्पष्ट शब्दों में कहता है, “जब दिवाली लेगा, तभी काम होगा,” और जब बिचौलिया राशि पूछता है, तो अधिकारी ‘पांच लाख’ बताता है। इस पर बिचौलिया हैरानी जताते हुए कहता है, “इतने तो उसके बाप की प्रॉपर्टी में भी नहीं होंगे!”
मामले ने पूरे ऊधम सिंह नगर और राज्य भर में सनसनी फैला दी है। इस पर जिला पूर्ति अधिकारी विपिन कुमार ने बयान देते हुए कहा है कि वायरल ऑडियो से उनका कोई लेना-देना नहीं है और इसे फर्जी बताया है। फिलहाल मामले की जांच की मांग उठ रही है।
