विकासनगर। चकरता-त्यूणी राष्ट्रीय राजमार्ग पर दारागाड के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त होने से कार सवार छह लोग घायल हो गये। सभी घायलों को पीएचसी त्यूणी में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। कार दुर्घटना का कारण स्टेयरिंग फेल होना बताया जा रहा है। गुरुवार को एक कार देहरादून से त्यूणी जा रही थी। करीब दो बजे चकराता-त्यूणी राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच दारागाड के पास एक कार अचानक अनियंत्रित हो गयी। कार करीब दस मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
जिससे कार में सवार छह लोगों चोटें आयी हैं। घायलों में नरेश शाह पुत्र दलजीत सिंह साधना शाह पत्नी नरेश शाह, नैनिका पुत्री नरेश शाह सभी निवासी निवासी ग्राम बागी त्यूणी, आस्था पुत्री संतोष सिंह निवासी नेटवाड थाना मोरी जिला उत्तरकाशी, हरीश शाह पुत्र राजेंद्र शाह निवासी ग्राम बागी त्यूणी व आरजू् पुत्री महावीर निवासी हरियाणा को पीएचसी त्यूणी में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष आशीष रवियान ने बताया कि सभी घायल सकुशल हैं। घायलों को मामूली चोटें आयी हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। थानाध्यक्ष रवियान ने बताया कि दुर्घटना कार का स्टेयरिंग फेल होने से हुई है। बताया कि स्टेयरिंग लॉक हो गया। जिसे चालक नियंत्रित नहीं कर पाया है।
