पौड़ी। श्रीनगर कस्बे में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने सनसनी फैला दी, जिसमें तीन युवक एक व्यक्ति के साथ मारपीट और अभद्रता करते दिखाई दिए। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई और तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, एसएसपी पौड़ी लोकेश्वर सिंह ने घटना का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में सीओ श्रीनगर अनुज कुमार के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली प्रभारी जयपाल नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों – मुकेश भट्ट (श्यामपुर, ऋषिकेश), मनीष बिष्ट (फरसू डूंगरीपँथ, श्रीनगर) और नवीन भंडारी (कोटधार, चिन्यालीसौड़, उत्तरकाशी) – को दबोच लिया।
पुलिस ने बताया कि तीनों के खिलाफ श्रीनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गुंडागर्दी और सामाजिक शांति भंग करने वाली गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
