Uttarakhand news:नाबलिग नगर कोतवाली के पास स्थित महिला जिला अस्पताल के पास संदिग्ध अवस्था में घूमती हुई दिखाई दी। हरिद्वार लाकर उससे पूछताछ की गई। प्रेमी के साथ मिलकर मार्च माह में जबलपुर में उसने पिता और भाई की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी थी।
मध्य प्रदेश के जबलपुर में रेलवे कर्मचारी पिता और नौ वर्षीय भाई की प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करने के मामले में फरार किशोरी को हरिद्वार पुलिस ने पकड़ लिया है। जबकि आरोपी युवक चकमा देकर फरार हो गया। नगर कोतवाली पुलिस ने जबलपुर पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद एक टीम हरिद्वार आ रही है।
पुलिस के अनुसार 14-15 मार्च की रात जबलपुर के सिविल लाइंस स्थित रेलवे कॉलोनी निवासी रेलवे में हेड क्लर्क राजकुमार विश्वकर्मा और उनके नौ वर्षीय पुत्र तनिष्क की हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि दोनों की हत्या उनकी बेटी और उसके दोस्त मुकुल सिंह ने की थी।
मुकुल ने राजकुमार के शव को पॉलिथीन में बांधकर किचन में फेंक दिया था, जबकि तनिष्क के शव को कपड़े में बांधकर फ्रिज में ठूंसकर रख दिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पड़ोस में रहने वाले मुकुल सिंह अपनी स्कूटी से मृतक की नाबालिग बेटी के साथ कॉलोनी से निकलता हुआ दिखा था। तब से दोनों की तलाश में जबलपुर पुलिस दबिश दे रही थी।
किशोरी ने कबूला: पिता व भाई की कुल्हाड़ी मारकर की थी हत्या
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि मंगलवार की रात एक किशोरी नगर कोतवाली के पास महिला जिला अस्पताल के पास संदिग्ध अवस्था में घूमती हुई मिली। पुलिसकर्मी उसे कोतवाली ले आए और पूछताछ की। उसने बताया कि प्रेमी मुकुल के साथ हरिद्वार आई थी।
मुकुल सामान लेने का बहाना बनाकर उसे छोड़कर चला गया। किशोरी ने कबूला कि कथित प्रेमी ने मार्च में उसके पिता व भाई की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद से वह उसे अपने साथ घुमा रहा था। नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने जबलपुर पुलिस से संपर्क किसा तो मालूम हुआ कि कोतवाली सिविल लाइन जबलपुर में हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इंस्पेक्टर ने केएस राणा ने बताया कि जबलपुर पुलिस के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
