बोले—हरक सिंह रावत को चरित्रवान मानते हैं तो मां धारी देवी के दरबार में खाएं कसम, आरोप झूठे निकले तो मान लेंगे अपनी बात गलत
देहरादून। उत्तराखंड की सियासत में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत से जुड़े विवाद को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। लैंसडौन से भाजपा विधायक दिलीप रावत ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत पर तीखा हमला बोलते हुए इस पूरे प्रकरण में खुलकर जवाब देने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को हरक सिंह रावत के चरित्र पर इतना ही भरोसा है तो वे मां धारी देवी के मंदिर पहुंचकर उनकी चरित्रवान होने की कसम खाएं।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान विधायक दिलीप रावत ने कहा कि पिछले एक महीने से प्रदेश में जिस तरह के विवाद सामने आ रहे हैं, उससे देवभूमि का राजनीतिक वातावरण दूषित हो रहा है। समाज और युवा पीढ़ी राजनेताओं को अपना आदर्श मानती है, लेकिन ऐसे प्रकरणों से राजनीति की गरिमा और प्रदेश की छवि प्रभावित हो रही है।
‘एक फूल दो माली सुना था, यहां तो तीन फूल और एक माली चल रहा है’
प्रेस वार्ता के दौरान विधायक दिलीप रावत ने फिल्मी अंदाज में तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने ‘एक फूल दो माली’ फिल्म के बारे में सुना था, लेकिन यहां तो ‘तीन फूल और एक माली’ का मामला चल रहा है। उनके इस बयान ने हरक सिंह रावत से जुड़े विवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी को और तीखा कर दिया है।
विधायक ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं हरक सिंह रावत की पत्नी दीप्ति रावत का समर्थन करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में पूरी पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी के पति के नाम का दुरुपयोग कर निजी हित साधने के आरोप गंभीर हैं। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
हरक सिंह खुद सामने आएं और दें जवाब
दिलीप रावत ने कहा कि इस पूरे विवाद के केंद्र में हरक सिंह रावत हैं, इसलिए उन्हें स्वयं सामने आकर अपने परिवार से जुड़े आरोपों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने यूट्यूबर भावना पांडे की ओर से लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई। साथ ही असम की एक युवती से जुड़े पुराने मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी आरोपों की सच्चाई सामने आनी चाहिए।
‘मां धारी देवी की कसम खाएं गणेश गोदियाल, मान लूंगा सारे आरोप झूठे’
प्रेस वार्ता के अंत में विधायक दिलीप रावत ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे पौड़ी गढ़वाल की आराध्य मां धारी देवी के दरबार में जाकर कसम खाएं कि हरक सिंह रावत पर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं और वे चरित्रवान व्यक्ति हैं।
उन्होंने कहा कि यदि गणेश गोदियाल ऐसा करते हैं तो वे आरोप लगाने वालों को गलत मान लेंगे। साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इससे कांग्रेस की गिरती साख भी बच जाएगी।
