समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश, चंडी चौक और एनएचएआई सर्विस लेन के चौड़ीकरण कार्यों में तेजी लाने पर जोर
हरिद्वार, मंगलवार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने निर्माण कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। मंगलवार को मेलाधिकारी सोनिका ने विभिन्न निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने शंकराचार्य चौक, कनखल, प्रशासनिक रोड तथा चंडी चौक के समीप निर्माणाधीन डबल लेन अंडरपास का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम यातायात व्यवस्था और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की दैनिक प्रगति सुनिश्चित करने के लिए पर्ट चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही चंडी चौक एवं एनएचएआई की सर्विस लेन के चौड़ीकरण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने पर विशेष जोर दिया।
मेलाधिकारी सोनिका ने स्पष्ट किया कि अर्धकुंभ के दृष्टिगत संचालित सभी निर्माण कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
