पंतद्वीप, रोड़ी-बेलवाला और चंडी चौक का किया स्थलीय निरीक्षण, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
बारिश भी नहीं रोक सकी निरीक्षण, मेलाधिकारी सोनिका ने मौके पर लैपटॉप से परखीं कार्ययोजनाएं, निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्दे
हरिद्वार, 29 अक्टूबर 2026। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों और यातायात व्यवस्थाओं की निगरानी तेज कर दी है। गुरुवार को बारिश के बावजूद मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र के निरीक्षण पर निकले। इस दौरान पंतद्वीप, रोड़ी-बेलवाला, चंडी पुल और चंडी चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुगम आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर और अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती भी मौजूद रहे। बारिश के बीच मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रमुख मार्गों, पुलों और घाटों की व्यवस्थाओं का स्थलीय जायजा लिया। विशेष बात यह रही कि मेलाधिकारी सोनिका निरीक्षण के दौरान लैपटॉप पर निर्माण कार्यों की कार्ययोजनाओं और प्रस्तावित व्यवस्थाओं की डिजिटल समीक्षा भी करती रहीं। अधिकारियों ने मौके पर ही आवश्यक सुधारों को लेकर विचार-विमर्श किया और संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश दिए।
पंतद्वीप में भीड़ प्रबंधन और घाटों की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान
निरीक्षण की शुरुआत कांगड़ा पुल और संजय पुल के संगम के समीप पंतद्वीप के नोज क्षेत्र से हुई। यहां श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण मार्गों और प्लेटफॉर्म की स्थिति का जायजा लिया गया। मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भीड़ के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान क्षतिग्रस्त एवं अनुपयोगी पोल हटाने, खंभों और पेड़ों पर लटक रहे तारों, रस्सियों तथा अन्य अनावश्यक सामग्री को हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही घाटों की साफ-सफाई, प्लेटफॉर्म की व्यवस्थाओं और पुलों एवं घाटों के सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया।
रोड़ी-बेलवाला में प्रशासनिक मार्ग और चंडी पुल अंडरपास का निरीक्षण
इसके बाद अधिकारियों की टीम ने रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र में निर्माणाधीन प्रशासनिक मार्ग का निरीक्षण किया। चंडी पुल पर बनाए जा रहे डबल लेन अंडरपास की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि कुंभ के दौरान यातायात संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
चंडी चौक से वाल्मीकि चौक तक सड़क चौड़ीकरण में तेजी लाने के निर्देश
मेलाधिकारी और जिलाधिकारी ने चंडी चौक से वाल्मीकि चौक की ओर जाने वाली सड़क पर चल रहे चौड़ीकरण एवं सुधार कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए यातायात और पैदल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि निर्माण कार्यों के दौरान भी यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए और श्रद्धालुओं तथा स्थानीय नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो।
निर्माण कार्यों के साथ सुरक्षा और सुगम आवाजाही पर फोकस
मेला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कुंभ-2027 की तैयारियों में निर्माण कार्यों के साथ भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, घाटों की स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। स्थलीय निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को दूर करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
