चोर रास्तों से सुद्धोवाला जेल अपने भाई से मिलने जा रहा था बदमाश
Haridwar news मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाश ने अपहरण के मुकदमे के बाद डेढ़ साल तक केरल में पनाह ली थी। उसके बाद वह घर लौट आया। अब वह अपने भाई से मिलने जेल जा रहा था कि रास्ते में पुलिस से मुठभेड़ हो गई जिसमें पकड़ा गया। बदमाश को रविवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।रानीपोखरी पुलिस शनिवार रात को थानो-भोगपुर मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार बदमाश को रुकने का इशारा किया तो वह भोगपुर की ओर जाने लगा। वहां वह एक पेड़ के पास रुका और इसकी आड़ लेकर पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर किए तो एक गोली उसके पैर में लगी। पुलिस ने उसे जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया। बदमाश ने अपना नाम मुस्तकीम निवासी ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद बताया। पता चला कि उसके खिलाफ थाना पटेलनगर में 2021 में एक नाबालिग का अपहरण करने और दो लाख रुपये की फिरौती मांगने का मुकदमा दर्ज किया गया था।इस मामले में उसके भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन, वह फरार चल रहा था। मुस्तकीम पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया। मुकदमे के बाद वह केरल चला गया था। डेढ़ साल तक वहां रहा और कुछ दिन पहले मुरादाबाद आया। अब वह अपने भाई से मिलने के लिए सुद्धोवाला जेल जा रहा था। इसी बीच उसकी पुलिस से मुठभेड़ हो गई।
