विकासनगर। दून व्यापार मंडल के सम्मेलन में पहुंचे मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को व्यापार मंडल और पछुवादून संयुक्त समिति ने ज्ञापन सौंपकर शीशमबाड़ा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को हटवाने की मांग की। दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि सेलाकुई ही नहीं पछुवादून की जनता प्लांट से निकल रही दुर्गंध के कारण परेशान है। ऐसे में प्लांट को शिफ्ट नहीं किया जाता है तो क्षेत्र में महामारी फैल सकती है। उद्योग व्यापार मंडल व पछुवादून संयुक्त समिति सेलाकुई के अध्यक्ष चैतन्य अनिल गौड़ महामंत्री विनोद अग्रवाल एवं सचिव राजेंदर राज गंगसारी ने मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में कहा कि सेलाकुई के व्यापारियों की जो भी समस्याएं हैं उनमें सबसे जटिल समस्या सेलाकुई में कूड़ाघर से निकल रही दुर्गंध है।
जिससे यहां की जनता के स्वास्थ्य पर पड़ रहा दुष्प्रभाव है। ज्ञापन में कहा कि प्रशासन कूड़ा निस्तारण के हस्तांतरण हेतु समयावधि निर्धारित की जाय। अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। ज्ञापन में मुख्यमत्री से शासनादेश जारी कर कूडा घर को हटाने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। बताया कि शीशमबाड़ा प्लांट में कूड़े का पहाड़ लगता जा रहा है। प्लांट से निकल रही दुर्गंध के कारण क्षेत्र में महामारी फैल सकती है। बताया कि मुख्यमंत्री ने स्वयं चुनाव से पहले और चुनाव के बाद स्वयं प्लांट को हटाने का आश्वासन दिया था। समिति और व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री को प्लांट की हटाने की घोषणा का वायदा पूरा करने की मांग की, जिससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।
