मिनी सचिवालयों से भी ऑनलाइन जुड़ रहे ग्रामीण
जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान हेतु जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में ‘जनसुनवाई कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 56 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 36 व्यक्तिगत रूप से और 20 ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मौके पर ही 26 समस्याओं का निस्तारण कर दिया, जबकि शेष शिकायतों को समयबद्ध निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को प्रेषित किया। इस जनसुनवाई की खास बात यह रही कि जनपद की 25 ग्राम पंचायतों में हाल ही में स्थापित मिनी सचिवालयों के माध्यम से ग्रामीणों ने ऑनलाइन अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। ग्राम प्रधानों के सहयोग से केहड़ा, रघुनाथपुर और जस्सावाला जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के ग्रामीणों ने तालाब निकासी, विद्युत पोल और पेयजल संकट जैसे मुद्दों को जिलाधिकारी के सम्मुख रखा।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने विशेष रूप से ‘सीएम हेल्पलाइन’ में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए एल-1 स्तर की 421 और एल-2 स्तर की 110 शिकायतों को तत्काल प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन शिकायतों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है, वहां अधिकारी आपसी समन्वय से मौके पर जाकर समाधान सुनिश्चित करें और शिकायतकर्ता से फोन पर वार्ता कर उनकी संतुष्टि भी प्राप्त करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, एडीएम पी.आर. चौहान, सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह, डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह और मुख्य शिक्षा अधिकारी सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
