उत्तराखंड का सांकेतिक दृश्य
देहरादून, 22 नवंबर। नवंबर का महीना समाप्ति की ओर बढ़ रहा है, लेकिन उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में सर्दी का इंतजार लंबा होता जा रहा है। दिन में तेज धूप निकलने के कारण गर्मी का अहसास बना हुआ है और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है।
मौसम संबंधी आंकड़ों के अनुसार देहरादून में 10 नवंबर को अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक रहा। नवंबर में इस स्तर का तापमान लगभग दस साल बाद दर्ज किया गया। इससे पहले 2 नवंबर 2016 को भी दून का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा था।
रात के न्यूनतम तापमान में भी अपेक्षित गिरावट नहीं होने से सुबह और शाम की ठंड का असर कम महसूस हो रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता, बारिश-बर्फबारी के समय में बदलाव और लंबे समय तक शुष्क मौसम बने रहने से तापमान के व्यवहार पर असर पड़ रहा है।
पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने पर मैदानी इलाकों में भी तापमान गिरने लगता है। फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कमजोर रहने और बारिश नहीं होने से ठंड बढ़ने की प्रक्रिया धीमी बनी हुई है। आने वाले दिनों में मौसम का रुख पश्चिमी विक्षोभ, पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में हवा की दिशा पर निर्भर करेगा।
फीचर इमेज: उत्तराखंड का सांकेतिक दृश्य।
