बीएचईएल द्वारा निःशुल्क पोषण वितरण शिविर का आयोजन

हरिद्वार, 29 अक्टूबर: बीएचईएल हरिद्वार द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत, रोशनाबाद स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, में छात्र-छात्राओं हेतु, एक निःशुल्क पोषण वितरण शिविर का आयोजन किया गया । शिविर का शुभारम्भ, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री सुमति शर्मा ने किया ।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सुश्री सुमति शर्मा ने कहा कि स्वस्थ एवं सुपोषित बच्चे ही देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने बच्चों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता पर बल दिया। सुश्री सुमति शर्मा ने बताया कि बीएचईएल, शिक्षा से जुड़े सामाजिक कार्यों के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है और समाज के हित में लगातार कार्य कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि इस शिविर में लगभग 450 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पोषण सामग्री का वितरण किया गया । शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को संतुलित आहार और स्वास्थ्य के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। इस सराहनीय प्रयास हेतु विद्यालय की ओर से बीएचईएल का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे ही सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की गई ।
इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक (सीएसआर) श्री पार्थ सारथी गौड़ा, विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती गीता, शिक्षकगण सहित बीएचईएल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे ।
