हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच गंगा तटों पर अस्थायी कुंभ नगरी आकार लेने लगी है। पंतद्वीप, बैरागी कैंप, गौरीशंकर और दक्षद्वीप में पहले चरण के तहत टेंट लगाने का काम शुरू हो गया है। इन स्थलों पर मेले की व्यवस्थाओं में तैनात होने वाले कार्मिकों के लिए आवासीय शिविर और कार्यालय बनाए जाएंगे।
पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के करीब 30 से 35 हजार कार्मिकों की तैनाती को ध्यान में रखते हुए उनके कार्यस्थलों के अनुरूप अलग-अलग सेक्टरों में व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मेला भूमि को चरणबद्ध तरीके से तैयार कर शिविर स्थापित किए जा रहे हैं।
प्रस्तावित टेंटों में स्विस कॉटेज, ईपी टेंट, फैमिली टेंट, छोलदारी, दरबारी, महाराजा और पगोडा टेंट के साथ जर्मन हैंगर भी शामिल हैं। कार्मिकों के आवास और कार्यालयी जरूरतों के लिए पांच हजार से अधिक टेंट लगाए जाने प्रस्तावित हैं।
कुंभ शिविरों के लिए आवंटित भूमि पर अखाड़ों, आश्रमों तथा धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के शिविर स्थापित करने की तैयारियां भी जारी हैं।
गुरुवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बैरागी कैंप, पंतद्वीप और दक्षद्वीप का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने टेंट स्थापना की प्रगति और आवासीय सुविधाओं का जायजा लेते हुए गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्मिकों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर स्थलों तक सुगम सड़क संपर्क, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और सफाई की व्यवस्था टेंट स्थापना के साथ ही पूरी की जाए। निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी श्री मंजीत सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
आने वाले महीनों में बाहरी सेक्टरों में भी शिविरों की स्थापना का काम बढ़ेगा। तब गंगा तटों पर बस रही अस्थायी नगरी कुंभ की व्यापक तैयारियों का प्रमुख केंद्र बन जाएगी।
