मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुम्भ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और मंडलीय रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने किया संयुक्त निरीक्षण
सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत मंथन, मॉक ड्रिल के जरिए तैयारियां परखने पर जोर
हरिद्वार। कुंभ-2027 के दौरान हरिद्वार पहुंचने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुम्भ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं मंडलीय रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हरिद्वार रेलवे स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं के आगमन एवं प्रस्थान, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान स्टेशन परिसर में अत्यधिक भीड़ एकत्र न होने देने और यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की तैयारियों को मॉक ड्रिल के माध्यम से परखने की आवश्यकता पर भी बल दिया, ताकि अर्धकुंभ के दौरान संभावित चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। रेलवे और मेला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय को भी व्यवस्थाओं की सफलता के लिए महत्वपूर्ण माना गया।
अर्धकुंभ-2027 में करोड़ों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर भीड़ का दबाव नियंत्रित रखना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती होगी। ऐसे में संयुक्त निरीक्षण के साथ-साथ तय व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना भी आवश्यक होगा, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।
