अल्मोड़ा- गोविन्द बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान के( ई एल सी पी) केन्द्र द्वारा ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह (01 से 07 नवम्बर 2026) के अन्तर्गत मिशन लाइफ की सात प्रमुख थीमों पर जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।इसी क्रम में कूर्मांचल एकेडमी, कोसी-अल्मोड़ा में विद्यार्थियों के मध्य जल संरक्षण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा दैनिक जीवन में जल के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित करना था।
विद्यार्थियों ने आकर्षक चित्रों और संदेशों के जरिए दर्शाया कि जल केवल दैनिक आवश्यकता नहीं, बल्कि समस्त जीव-जंतुओं, वनस्पतियों और पारिस्थितिकी तंत्र के अस्तित्व का आधार है।
केन्द्र के कार्यक्रम अधिकारी डॉ० महेशा नंद ने बताया कि मिशन लाइफ पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने की महत्वपूर्ण पहल है। इसके 7 प्रमुख विषय हैं – जल संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक में कमी, सतत खाद्य प्रणाली, अपशिष्ट में कमी, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण अनुकूल उत्पादों का उपयोग।विद्यार्थियों को नल खुला न छोड़ने, आवश्यकता अनुसार पानी उपयोग करने, वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि जल संरक्षण की आदतें बचपन से विकसित करना जरूरी है, आज के जागरूक विद्यार्थी ही भविष्य के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे।
इस अवसर पर कूर्मांचल एकेडमी कोसी, पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज नौगांव-रीठागाड़-धौलछीना, अल्मोड़ा एवं पीएमश्री विक्टर मोहन जोशी रा०इ० कॉलेज बागेश्वर के लगभग 760 विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने मिशन लाइफ की पर्यावरण संरक्षण शपथ ली।
केन्द्र प्रमुख ई० एम०एस० लोधी एवं संस्थान निदेशक डॉ० आई०डी० भट्ट ने ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में डॉ० ललित गिरि, डॉ० ओ०पी० आर्या, डॉ० बसन्त, कमल टम्टा, हेम तिवारी, अनिल शर्मा आदि उपस्थित रहे।
