हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 30 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 18 का मौके पर समाधान किया गया। शेष शिकायतें संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण के लिए भेजी गईं।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, बिजली, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड से संबंधित मामले सामने आए। अर्जुन ने अपनी माता चांदो देवी के ईएसआईसी मेडिकल बिल जमा नहीं किए जाने की समस्या रखी। गंगदासपुर के विस्थापित परिवारों ने फेरूपुर कठिया में आवंटित प्लॉटों की पैमाइश कराने की मांग की।
चमन चौहान ने सलेमपुर महदूद में अवैध मीट की दुकानों और कूड़े की समस्या उठाई। समता सिंह ने नया हरिद्वार कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने तथा पंकज राणा ने सिद्धिविनायक कॉलोनी फेस-2 में सरकारी चकरोड से अवैध कब्जा हटाने की मांग की।
डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां स्थलीय निरीक्षण जरूरी हो, वहां संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित करें। लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
