बैठक के बीच अचानक फील्ड में पहुंचे नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय, सफाई महकमे में मचा हड़कंप
डोभालवाला में गंदगी और कर्मचारियों की गैरमौजूदगी पर बड़ी कार्रवाई, सुपरवाइजर मुकुल को मूल पद पर भेजने के निर्देश
तीन सफाई निरीक्षकों से मांगा स्पष्टीकरण, सुबह के साथ दोपहर की शिफ्ट में भी सफाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश
देहरादून। शहर की सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखने के लिए बुधवार को नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने ऐसा औचक निरीक्षण किया कि नगर निगम के सफाई महकमे में हड़कंप मच गया। नगर आयुक्त ने पहले सभी सफाई निरीक्षकों को बैठक के बहाने नगर निगम कार्यालय बुलाया। बैठक के दौरान ही सभी के मोबाइल फोन जमा करवा लिए और फिर बिना किसी पूर्व सूचना के अधिकारियों को साथ लेकर सीधे उनके कार्यक्षेत्रों में पहुंच गए। इस अप्रत्याशित कार्रवाई से सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने आ गई। कई स्थानों पर कूड़े के ढेर और ड्यूटी से सफाई कर्मचारियों की गैरमौजूदगी मिलने पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के उद्देश्य से नगर आयुक्त ने निरीक्षण का यह अनूठा तरीका अपनाया। सफाई निरीक्षकों को पहले से जानकारी न मिलने और उनके मोबाइल फोन जमा कराए जाने के कारण फील्ड में निरीक्षण की पूर्व सूचना पहुंचने की संभावना भी सीमित रही। नगर आयुक्त का स्पष्ट उद्देश्य था कि सफाई व्यवस्था की समीक्षा केवल कार्यालयों में प्रस्तुत रिपोर्टों के आधार पर नहीं, बल्कि धरातल पर उसकी वास्तविक स्थिति देखकर की जाए।
डोभालवाला से शुरू हुआ निरीक्षण, सुपरवाइजर पर कार्रवाई के निर्देश
नगर आयुक्त ने निरीक्षण की शुरुआत डोभालवाला वार्ड से की। यहां विभिन्न स्थानों पर कूड़ा पड़ा मिलने और सफाई कर्मचारियों की अनुपस्थिति सामने आने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। सफाई व्यवस्था में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी को क्षेत्रीय सफाई सुपरवाइजर मुकुल को वर्तमान दायित्व से मुक्त कर उनके मूल पद सफाई कर्मचारी पर तैनात करने के निर्देश दिए। इस कार्रवाई के माध्यम से उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि सफाई कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
राजपुर रोड से रायपुर तक परखी सफाई की हकीकत
इसके बाद नगर आयुक्त ने राजपुर रोड, कैनाल रोड, सहस्त्रधारा रोड, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। कई स्थानों पर कूड़ा मिलने और सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित सफाई निरीक्षकों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए
